चार साल पहले 10वीं की छात्रा से हुआ था गैंगरेप, पीड़िता की शादी के बाद आरोपी ने अश्लील Video किया वायरल

एटा में दलित नाबालिग के साथ चार साल पहले गैंगरेप किया गया. अब मुख्य आरोपी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
सूत्रों के मुताबिक, घटना मई 2019 की है, लेकिन सामाजिक कलंक के डर से लड़की या उसके परिवार की ओर से तब कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी. लड़की की उम्र उस वक्त 16 साल थी और वह कक्षा 10 की छात्रा थी. इस घटना के बाद उसे स्कूल छोड़ना पड़ा था. घरवालों ने 2021 में उसकी शादी करा दी थी.
अब पिछले हफ्ते ही उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि तीनों आरोपियों ने चार साल बाद उसकी बेटी से दोबारा संपर्क किया और उससे मिलने के लिए कहा. बेटी ने जब मिलने से इनकार कर दिया तो मुख्य आरोपी ने घटना की एक क्लिप सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी और इसे लड़की के ससुराल वालों के साथ भी साझा कर दिया. मुख्य आरोपी गांव के पूर्व प्रधान का बेटा बताया जा रहा है.
मजदूरी करने वाली पीड़िता के पिता ने कहा, ‘इतना सब कुछ होने के बाद मेरी बेटी किसी तरह आगे बढ़ गई थी. अब वे उसके वैवाहिक जीवन को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं. इससे निराश होकर जब मैं पूर्व ग्राम प्रधान के घर उनके बेटे के गलत कामों की शिकायत करने गया, तो मुझे अपमानित किया गया और जातिसूचक गालियां दी गईं. उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने पर मुझे जान से मारने की धमकी भी दी. अब जब मैंने प्राथमिकी दर्ज की है, तो आरोपी हम पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं. मुझे चिंता है कि हमें गांव छोड़ना पड़ सकता है.’



