दादा पर छेड़खानी का आरोप: पोती ने चाइल्ड हेल्प लाइन की मदद से दर्ज कराई शिकायत, परिजनों ने बताया षड्यंत्र

मालवा। मध्य प्रदेश में बच्चियों के साथ अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आगर मालवा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जिले के नलखेड़ा में एक नाबालिग पोती ने अपने बुजुर्ग दादा पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी दादा के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पीड़िता ने चाइल्ड हेल्प लाइन के माध्यम से अपनी आपबीती प्रशासन के संज्ञान में पहुंचाई और इसके बाद बालकल्याण समिति पीड़िता को लेकर महिला थाने पहुंची, जहां विभिन्न धाराओं में आरोपी दादा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं पीड़ित को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां से बालिका को उसकी मां को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग की मां अपने पति से अलग रहती है।
परिजनों ने बताया षड्यंत्र
वहीं परिजनों ने नाबालिग के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि किसी षड्यंत्र के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। नाबालिग ने जो आरोप लगाए गए हैं वो निराधार हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


