प्राकृतिक आपदा से अमेरिका हिला- भयंकर बवंडर से गई 21 की जान

शुक्रवार को प्राकृतिक आपदा से अमेरिका फिर हिल गया है। दक्षिण-पूर्व राज्य मिसिसिपी में आए विनाशकारी तूफान और तेज आंधी के एक सप्ताह बाद आए बवंडर ने लगभग दो दर्जन लोगों की जान ले ली है। स्थानीय और संघीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि इससे सौ मील से ज्यादा क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।
भयंकर बवंडर की चपेट में आने से बड़ी संख्या मों लोग घायल हो गए हैं। अमेरिकी मीडिया की मिली रिपोर्ट के अनुसार वहां के अरकंसास, इलिनोइस में बवंडर ने बड़ी तबाही मचाई है जिससे काफी नुकसान हुआ है। 21 लोगों की जान गई है।
वहां की राष्ट्रीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी अमेरिका के अरकंसास राज्य के कई हिस्सों में इस बवंडर में हवा की गति इतनी तेज थी कि भारी वाहन भी हवा में उड़ने लगे। अमेरिका में यह दूसरी बार है कि विनाशकारी तूफान और बवंडर ने इतना कहर बरपाया है कि लोगों में दहशत है।
व्यवसायों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को बड़ा नुकसान
खराब मौसम को देखते हुए अरकंसास के राज्यपाल ने शुक्रवार दोपहर आपातकाल की घोषणा कर दी थी। साथ ही मिसौरी में आपातकाल की स्थिति भी घोषित की गई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इस बवंडर ने व्यवसायों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है।

2000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त
लिटिल रॉक के मेयर फ्रैंक स्कॉट जूनियर के अनुसार वहां कम से कम 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इतना ही नहीं 2,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मकानों की दीवारें और छत गिर गई हैं। इसके अलावा बंवडर से खड़े वाहन पलट गए और पेड़ और बिजली के तार गिर गए। उत्तरी इलिनोइस में शुक्रवार की रात में घटना से 1 की मौत हो गई। यहां 28 अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग के प्रमुख शॉन शैडले ने बताया कि बेल्विदेरे में एक थिएटर में छत गिर गई, जिसमें 260 लोग अंदर थे
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने इसकी सूचना दी थी
जानकारी के मुताबिक, अरकंसास , इलिनोइस, इंडियाना और टेनेसी के अलावा, विस्कॉन्सिन, आयोवा और मिसिसिपी में राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बवंडर की सूचना दी थी।अधिकारियों ने बताया कि बवंडर और विनाशकारी तूफान के कारण नॉर्थ लिटिल रॉक में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
एक सप्ताह बाद दूसरा विनाशकारी तूफान
जानकारी अनुसार 31 मार्च शुक्रवार को आया बवंडर बड़ा विनाशकारी था। अमेरिका के दक्षिण-पूर्व राज्य मिसिसिपी में आया तूफान और तेज आंधी के सप्ताहभर बाद आया है। मिसिसिपी में आए तूफान में 26 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय और संघीय अधिकारियों के अनुसार इससे 100 मील से ज्यादा क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। बताया गया मिसिसिपी समुदाय पिछले सप्ताह बवंडर से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था।
स्थिति देखने पहुंचे राष्ट्रपति जो बाइडन
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने घातक मिसिसिपी तूफान को झकझोर देने वाला बताया है। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद की बात कही है। बाइडन ने शुक्रवार को रोलिंग फोर्क पहुंचकर स्थिति देखी।