सड़क हादसे में चाचा की मौत, भतीजी गंभीर जख्मी: बाइक पर लुधियाना जा रहे थे; चाचोकी नहर के पास गाड़ी ने मारी साइड

गोराया और फगवाड़ा की सीमा पर चाचोकी में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों आपस में चाचा-भतीजे हैं और मोटरसाइकिल पर लुधियाना जा रहे थे। चाचोकी नहर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें साइड मारी। जिससे वह पक्की सड़क पर गिरे। हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
चाचोकी नहर के पास ही सग्गू आटो मोबाइल वर्कशॉप के मालिकों ने बताया कि एक व्यक्ति जिसके साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर एक लड़की सवार होकर लुधियाना की तरफ जा रहे थे। वह सब अपनी वर्कशॉप में काम कर रहे थे कि अचानक उन्हें शोर सुनाई दिया। जब देखा तो एक लड़की और एक व्यक्ति सड़क पर खून से लथपथ तड़प रहे थे।

उन्होंने कहा कि वह वर्कशॉप में काम करने वाले सभी लोग हादसा स्थल पर गए तो देखा कि सड़क पर पड़े व्यक्ति का सिर फट गया था और कान मुंह के रास्ते खून निकल रहा था। जबकि लड़की सड़क पर तड़पने के बाद बेसुध हो गई। उसने सिर्फ इतना बताया कि उसका नाम अर्शदीप है और वह लुधियाना की रहने वाली है। वह अपने चाचा के साथ बाइक पर लुधियाना जा रही थी। इतना बताने के बाद वह बेहोश हो गई।
इसके बाद वर्कशॉप के मालिक ने पुलिस को फोन किया तथा वर्कशॉप में खड़ी गाड़ी में दोनों को डालकर फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल में पहुंचते ही डाक्टरों ने बुलेट चला रहे व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया जबकि लड़की को अस्पताल में भर्ती कर लिया। लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है।
वर्कशॉप चलाने वाले ने कहा कि हैरानी की बात है कि 2 लोग सड़क पर घायल अवस्था में तड़प रहे थे लेकिन लोगों में असंवेदनशीलता की हद है कि सब वीडियो बनाने में व्यस्त थे। किसी ने भी यह नहीं सोचा कि पहले इन्हें उठाकर अस्पताल में ले जाएं और इनका इलाज करवाएं ताकि कीमती जान बच सके।