छत्तीसगढ़बलरामपुर

CG पुलिस थाने के वॉशरूम में चपरासी ने लगाई फांसी,आक्रोश ग्रामीणों ने थाने में किया पथराव

बलरामपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां कोतवाली थाने के बाथरूम में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले चक्काजाम किया और फिर देर शाम थाने का घेराव कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने थाने की रेलिंग उखाड़ दी और पत्थरबाजी शुरू कर दी।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया, जिससे भीड़ और अधिक भड़क उठी। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, और अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया है। एएसपी, एसडीओपी, डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर रवाना हो गए हैं।

मृतक की पहचान गुरुचरण मंडल के रूप में हुई है, जो संतोषीनगर गांव का निवासी था और एलआरएचएम अस्पताल में चपरासी के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम उसे पिछले लगभग 10 से 15 दोनों से बुलाकर पूछताछ कर रही थी। मिली जानकारी के अनुसार किसी घरेलू मामले में पुलिस की टीम उससे पूछताछ कर रही थी। आज भी उसे थाना में इसी काम से बुलाया गया था लेकिन उसकी लाश फांसी पर झूलती मिली है।  मृतक की पत्नी के संबंध में कोई घरेलू मामला थाने में दर्ज था। पुलिस की टीम इसी मामले में उसे लगातार बुलाकर पूछताछ करती थी।

वहीं कांग्रेसियों ने इस मामले में हंगामा शुरू कर दिया है। कोतवाली थाना के बाहर कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। स्वास्थ्य विभाग की बीपीएम ने कहा कि पुलिस की टीम गुरुचरण मंडल को लगातार बुलाती थी और उससे क्या पूछताछ करती थी इसका पता चलना चाहिए। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना के बाद से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। दिनभर चले हंगामे के बाद अब भी थाने के बाहर स्थिति तनावपूर्ण है, और पुलिस की बड़ी टीमें मौके पर हालात संभालने के प्रयास में जुटी हुई हैं।

Tilesh Kumar Sen

संपादक, छत्तीसगढ़ लाइव 24

Related Articles

Back to top button