
दुर्ग. भिलाई में एक BMW कार में लाश मिलने से हड़कंप मच गया किसी ने काफी लंबे समय से खड़ी बीएमडब्ल्यू कार से बदबू आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस फौरन उक्त कार के पास पहुंची। जब कार को खोला गया तो उसमें तेज बदबू आने के साथ एक शव मिला। यह शव कार की पिछली सीट पर मिला। शव देखकर मरने वाले की उम्र करीब 35 -40 का अनुमान लगाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आसपास के क्षेत्रों में पता किया गया तो मृतक की शिनाख्त छावनी इलाके के रहने वाले पेशे से मैकेनिक नसीम बेग के रूप में हुई है।
मैकेनिक कार में कैसे पहुंचा यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए है। इनमें से एक सीसीटीवी कैमरे में मृतक खुद कार का दरवाजा खोलता हुआ दिख रहा है, लेकिन घटना का कारण क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
3 महीने से सड़क पर खड़ी थी कार
प्रथम दृष्टया पुलिस यह मान रही है कि मृतक खुद कार में आया और दम घुटने से उसकी मौत हुई है। बताया जाता है कि बीएमडब्यू कार करीब 3 महीने से नेशनल हाइवे 53 के किनारे सर्विस रोड पर खड़ी हुई थी।कार क्यों खड़ी हुई थी, यह रहस्य बना हुआ है। कार रायपुर पासिंग की है। फिलहाल पूरे मामले में छावनी पुलिस जांच कर रही है।
रोज अलग अलग कार में रात बिताता
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक नसीम बेग शराब पीने का आदी था। इस वजह से आए दिन परिवार से विवाद हुआ करता था। दो महीने से परिवार से अनबन होने के कारण वो अपने घर नहीं जा रहा था। अक्सर वो बाहर ही अपनी रात गुजारता था। खास तौर पर गैरेज में खड़ी गाड़ियों में ही वो सो जाया करता था। माना जा रहा है कि घटना के दिन भी सर्विस रोड के किनारे खड़ी बीएमडब्ल्यू कार में वह सोने चला गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।