कवर्धा

कवर्धा में कांग्रेस ने किया बड़ा धरना प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट का घेराव, मनरेगा बचाओ समेत 5 मांगों को लेकर यह बड़ा प्रदर्शन।

कवर्धा: मनरेगा का नाम वीबी जी राम जी करने का कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है. पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार बीजेपी सरकार पर हमलावर है. इस क्रम में मंगलवार को पीसीसी चीफ दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कवर्धा में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस ने कवर्धा में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया. हजारों कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. जिसमें दीपक बैज के साथ कांग्रेस जिला प्रभारी पदम कोठारी, थानेश्वर पाटिला, पूर्व विधायक ममता चंद्राकर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल शामिल हुए.

दीपक बैज का बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला
इस दौरान कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने धान खरीदी को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों को बदनाम कर रही है और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रही है.जनसभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी तीन बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए और अंबेडकर चौक तक पहुंच गए. आगे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया. इस बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझपटी हुई. प्रदर्शन के दौरान सड़क किनारे लगे होर्डिंग बोर्ड गिरने से कुछ समय के लिए अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया.
मोदी सरकार मनरेगा रोजगार गारंटी योजना का स्वरूप बदलकर उसे बंद करने की दिशा में काम कर रही है. इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनजागरूकता फैला रहे हैं और प्रदेशभर में कलेक्ट्रेट घेराव कर रहे हैं. इसी के तहत आज कवर्धा में विरोध प्रदर्शन हुआ है- दीपक बैज, पीसीसी चीफ

धान खरीदी पर क्या कहा।

पीसीसी चीफ ने धान खरीदी के मुद्दे पर साय सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरकार ने 165 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था, जबकि केवल 139 लाख मीट्रिक टन धान की ही खरीदी हो सकी. पिछले वर्ष की तुलना में खरीदी कम हुई है, जिससे स्पष्ट है कि सरकार किसानों का धान नहीं लेना चाहती.

साय सरकार में कानून व्यवस्था बदहाल
दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार के शासनकाल में कानून व्यवस्था राज्य में पूरी तरह विफल है. प्रदेश में लगातार अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह फेल है.

Tilesh Kumar Sen

संपादक, छत्तीसगढ़ लाइव 24

Related Articles

Back to top button