
रायपुर। उरला इलाके में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसकी पत्नी स्कूल में पढ़ाने गई थी। वापस लौटने पर युवक घर में फंदे पर लटके मिला। दोनों की चार माह पहले ही शादी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक इतवारी बाजार बीरगांव में रहने वाले 24 वर्षीय मनीष कुमार साहू ने शनिवार को अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह बालोद का रहने वाला था। चार माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। करीब दो माह पहले दोनों रायपुर आए थे और इतवारी बाजार में किराए के मकान में रह रहे थे। उसकी पत्नी एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने जाती थी और मृतक भी आडवानी स्कूल में काम करता था। घटना के समय उसकी पत्नी स्कूल गई थी। वापस लौटने पर युवक फंदे में लटका मिला। फिलहाल उरला पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मामले की जांच कर रही है। खुदकुशी के कारणों का पता नही चल पाया है।