कटनी में CBI की बड़ी कार्रवाई: रेलवे अधिकारी को 40 हजार रुपए रिश्वत के साथ किया गिरफ्तार, इस काम के लिए फर्म मालिक से मांगी थी 70 हजार घूस

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी (Katni) में सीबीआई (CBI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की जबलपुर टीम ने न्यू कटनी जंक्शन के सीएनडब्ल्यू विभाग में पदस्थ सीनियर डीएमई एसके सिंह को 40 हजार रुपए रिश्वत के साथ ट्रैप किया है। सीबीआई ने यह कार्रवाई एक फर्म मालिक की शिकायत पर की है।
दरअसल, ग्वालियर के मेसर्स हितेश उद्योग के मालिक अंकित शर्मा ने बताया कि उन्होंने न्यू कटनी जंक्शन यार्ड में हाइड्रोलिक मशीन सप्लाई की थी। जिसका भुगतान एक साल से उटका हुआ था। जब वो सीएनडब्ल्यू विभाग में पदस्थ सीनियर डीएमई एसके सिंह से संपर्क किया, तो रेलवे अधिकारी ने भुगतान के बदले 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। रिश्वत ना देने पर परेशान किया जा रहा था। दो किस्तों में रिश्वत देने की बात तय हुई। लेकिन उन्होंने इसकी शिकायत सीबीआई में कर दी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद सही पाए जाने पर सीबीआई ने आज एनकेजे स्थित सीएनडब्ल्यू के सीनियर डीएमई एसके सिंह के दफ्तर पर छापा मारा और 40 हजार रुपए रिश्वत के साथ डीएमई को दबोच लिया। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। फिलहाल टीम आगे की कार्रवाई कर रही है।



