मैं KBC से बोल रहा हूं…. कांग्रेस विधायक को आया ठग का कॉल, बोला – आपकी लॉटरी लगी है, फिर जानिए क्या हुआ

छतरपुर। मध्य प्रदेश में छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन को कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर फ्रॉड कॉल करने का मामला सामने आया है। कॉलर ने 25 करोड़ लॉटरी का झांसा देकर, विधायक की अकाउंट डिटेल्स मांगी। इस मामले की शिकायत उन्होंने एसपी कार्यालय में की है। कॉलर ने कहा कि वह मुंबई से बोल रहा है। उसने कहा कि आपकी 25 करोड़ लॉटरी लगी है और आप हमारे बताए नम्बर पर अपने खाते की डिटेल व्हाट्सएप कर दीजिए। जिसके बाद हमारे सर राणा प्रताप आपके खाते में 25 करोड़ की राशि डलवा देंगे।
तभी विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन को शक हुआ कि उन्होंने कोई केबीसी में हिस्सा नहीं लिया फिर उनके खाते में लॉटरी के पैसे कैसे आ सकते हैं। बात करते-करते विधायक के साथियों ने बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया और उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया। ताकि ऐसे फ्रॉड लोगों के चक्कर में कोई ना फंसे। साथ ही विधायक आलोक चतुर्वेदी ने इस बात की शिकायत छतरपुर एसपी कार्यालय में करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। जिस पर एसपी अमित सांघी ने मामले की जांच शुरू करते हुए कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।



