हर चुनौतियों का सामना करने में भारत सक्षम- पीएम मोदी

नई दिल्ली, पीएम नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी की 44वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठित और मजबूत होने के लिए मंत्र दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। भगवान हनुमान का जिक्र करते हुए भी कई मिसालें दीं। हनुमानजी का जीवन, प्रसंग आज भी हमें भारत की विकास यात्रा में प्रेरणा देते हैं।
जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था, तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। इसी प्रकार से जब भ्रष्टाचार की बात आती है, जब परिवारवाद की बात आती है, कानून व्यवस्था की बात आती है तो भाजपा उतनी ही संकल्पबद्ध हो जाती है। भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए हनुमान जी की तरह भाजपा दृढ़प्रतिज्ञ है। 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा, इसके लिए हम पूरी ताकत लगाएंगे।
भाजपा के लिए राष्ट्रवाद सर्वोपरि
भाजपा 44 वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झंडा फहराया ।वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्जुवली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा वो पार्टी है, जिसके लिए राष्ट्र सदा सर्वोपरि रहा है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत जिसकी आस्था का मूलमंत्र रहा है। जब जनसंघ का जन्म हुआ था तो हमारे पास न ज्यादा सियासी अनुभव था, न साधन थे.. न संसाधन थे, लेकिन हमारे पास मातृभूमि के प्रति भक्ति और लोकतंत्र की शक्ति थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के संस्थापक सदस्यों से लेकर पुराने नेताओं तक को याद किया। उन्होंने कहा, ‘आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमानजी की जयंती मना रहे हैं। बजरंगबली के नाम का घोष चारों तरफ गूंज रहा है। हमारी सफलताओं में महान शक्ति के आशीर्वाद प्रतिबिंबित होते हैं।’
हनुमाम जी प्रेरणा से भारत हर चुनौतियों का पार करने में सक्षम
श्री मोदी ने कहा कि ‘हनुमानजी के पास असीम शक्तियां है, लेकिन इस शक्ति का इस्तेमाल वो तभी कर पाते हैं जब स्वयं पर से उनका संदेह समाप्त हो जाता है। 2014 से पहले भारत की भी यही स्थिति थी। भारत अब बजरंगबली की तरह अपने भीतर सुप्त शक्तियों का आभास कर चुका है। आज भारत समंदर जैसी विशाल चुनौतियों को पार करने और उनका मुकाबला करने में पहले से ज्यादा सक्षम है। हनुमानजी के ऐसे ही गुणों से भाजपा कार्यकर्ता और पार्टी प्रेरणा पाते हैं।

..यही भाजपा की प्रेरणा
‘हनुमानजी सब कुछ कर सकते हैं, सबके लिए करते हैं, लेकिन अपने लिए कुछ नहीं करते। यही भाजपा की प्रेरणा है। एक और प्रेरणा है। जब हनुमान जी को राक्षसों का सामना करना पड़ा था तो वो उतने ही कठोर भी हो गए थे। मां भारती को इन बुराइयों से मुक्ति दिलाने के लिए कठोर होना पड़े तो कठोर हों। ‘प्रधानमंत्री ने कहा कि जब लक्ष्मण जी पर संकट आया, तब हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। भाजपा भी इसी प्रेरणा से परिणाम लाने में लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करती रही है, करते रहना है, करते रहेंगे।
महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा और संवारा
उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना से लेकर आज तक जिन महान विभूतियों ने पार्टी को सींचा है. पार्टी को संवारा है, सशक्त और समृद्ध किया है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता से लेकर वरिष्ठ पद पर रहकर देश और पार्टी की सेवा करने वाले सभी महानुभावों को मैं शीश झुकाकर प्रणाम करता हूं।
भ्रष्ट्राचारी मोदी का कब्र खोदने की तैयारी कर रहे
‘नफरत से भरे ये लोग झूठ बोले जा रहे हैं। अपने भ्रष्ट कर्मों का खुलासा होते देख ये बेचैन हैं और हताशा से भर गए हैं। इतने निराश हैं कि एक ही रास्ता दिख रहा है। खुलकर कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। वो कब्र खोदने की धमकी दे रहे हैं।
‘सबका साथ, सबका विकास’ हमारा मूल मंत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण को हमने हमेशा अपने हृदय और कार्यशैली में सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सामाजिक न्याय हमारे लिए राजनीतिक नारेबाजी का हिस्सा मात्र नहीं है, बल्कि बुनियाद हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमारा समर्पण है मां भारती को.. हमारा समर्पण है देश के कोटि-कोटि जनों को… हमारा समर्पण है देश के संविधान को। आज भाजपा विकास और विश्वास का पर्याय है… नए विचार का पर्याय है और देश की विजय यात्रा में एक मुख्य सेवक बन कर अपनी भूमिका निभा रही है।
भाजपा के कामों से विरोधी फड़फड़ा रहे
‘जब हमारा मजाक उड़ाकर सफल नहीं हुए तो बादशाही मानसिकता वाले लोगों की नफरत और बढ़ गई। दशकों से हिंसा झेल रहे कश्मीर और नॉर्थ ईस्ट में शांति का सूरज उगेगा, ये उन्होंने सोचा नहीं था। आर्टिकल 370 इतिहास हो जाएगा, ये उन्होंने कल्पना नहीं की थी। जो काम दशकों तक नहीं हुए, वो भाजपा कैसे कर रही है, वो इन्हें पच नहीं रहा है।’
शोषित-वंचितों के साथ खड़ी है भाजपा
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने राष्ट्र प्रथम के मंत्र को अपना आदर्श बनाया है। भाजपा ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया… लोकतंत्र के अमृत से पोषित है और भाजपा देश के लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 45 करोड़ गरीबों के बिना भेदभाव जनधन खाते खोलना सामाजिक न्याय के जीता जगता उदहारण है। 11 करोड़ लोगों को शौचालय मिलना ही तो सामाजिक न्याय है।बादशाही मानसिकता वाले इन लोगों को और पार्टियों को एक बात पता नहीं है।

सामाजिक न्याय को जीती है भाजपा
भाजपा सामाजिक न्याय को जीती है… इसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है।. 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का प्रतिबिंब है। 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की सशक्त अभिव्यक्ति है। आज देश का गरीब, आम आदमी, युवा, माताएं-बहनें, शोषित-वंचित हर कोई भाजपा के कमल को खिलाने और रक्षा करने के लिए ढाल बनकर खड़ा है।
हम एक पल भी बैठने वाले नहीं
इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें ये संकल्प लेना होगा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम एक पल भी बैठने वाले नहीं हैं और पार्टी को और आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज हमारे 1,80,000 शक्ति केंद्रों पर भाजपा का काम है। आज 8,40,000 बूथ पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है। हमने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सरकार दोबारा बनाई। वहीं गोवा में तीसरी बार सरकार बनाई।